बौद्ध धर्म ग्रन्थ त्रिपिटक | Tripitaka of Buddhism in Hindi

Tripitaka of Buddhism in Hindi

बौद्ध धर्म ग्रन्थ त्रिपिटक (Tripitaka of Buddhism in Hindi) : विद्यादूत के दर्शनशास्त्र और शिक्षाशास्त्र केटेगरी के इस लेख हम बौद्ध साहित्य त्रिपिटक पर चर्चा करेंगें | इसके पूर्व हम सम्पूर्ण बौद्ध साहित्य पर चर्चा कर चुके है | त्रिपिटक पालि ग्रन्थ है, आप संस्कृत बौद्ध ग्रन्थ यहाँ देख सकते है | महात्मा बुद्ध के उपदेश मौखिक होते थे | उन्होंने अपने उपदेशों से सम्बन्धित किसी ग्रन्थ की रचना नही की थी | उनके महापरिनिर्वाण (मृत्यु) के बाद उनके शिष्यों ने उनके उपदेशों का संग्रह ‘त्रिपिटक’ (पवित्र लेखों के तीन संग्रह) में किया | त्रिपिटक में ‘त्रि’ का अर्थ है ‘तीन’ और ‘पिटक’ का अर्थ है ‘पिटारी’ या टोकरी (Box) | इसप्रकार त्रिपिटक का शाब्दिक अर्थ है ‘तीन पिटारियाँ’ (Three Boxes) |

इन्हे पिटक इसलिए कहते थे क्योकि ताल-पत्रों की लम्बी पट्टियाँ जिनमे पाठ लिखे जाते थे, मूलतः पिटको (Boxes) में रखी जाती थी | त्रिपिटक के अन्तर्गत तीन ग्रन्थ आते है, सुत्तपिटक, विनयपिटक और अभिधम्मपिटक |

सुत्तपिटक – सुत्तपिटक में महात्मा बुद्ध के मूल वार्तालाप व उपदेशों का संग्रह है | इसमे बौद्ध धर्म सम्बन्धी बातों की चर्चा है |

विनयपिटक – विनयपिटक में बौद्ध संघ के आचार-विचार के नियमों का संकलन है |

अभिधम्मपिटक – अभिधम्मपिटक में बौद्धधर्म के सिद्धांत की दार्शनिक व्याख्या मिलती है |

त्रिपिटक बौद्ध धर्म और दर्शन की प्रारम्भिक जानकारी देने वाला मूल और प्रामाणिक आधार है | त्रिपिटक की रचना पालि भाषा में हुई है, जो तत्कालीन लोकभाषा थी |

बौद्ध धर्म के सभी लेख यहाँ देखें – बौद्ध धर्म, शिक्षा और दर्शन पर सभी लेख

बौद्ध धर्म ग्रन्थ त्रिपिटक (Tripitaka of Buddhism in Hindi)

पालि भाषा में रचित त्रिपिटक का निर्माण, संकलन और संपादन गौतम बुद्ध के परिनिर्वाण से लेकर ईसा पूर्व प्रथम शताब्दी तक हुआ था | बौद्ध मतानुसार त्रिपिटक का संकलन विभिन्न बौद्ध संगीतियों के माध्यम से हुआ था |

अब हम बौद्ध साहित्य त्रिपिटक के विषय में विस्तार से जानेंगें –

सुत्तपिटक

पालि-त्रिपिटक बौद्धधर्म के हीनयान सम्प्रदाय का प्रधान ग्रन्थ है | त्रिपिटकों में सर्वाधिक विस्तृत और महत्वपूर्ण सुत्तपिटक है, जो बौद्ध धर्म के सिद्धांत और उपदेशों का संग्रह है | सुत्तपिटक पाँच निकायों (वर्गों) में विभाजित है – दीर्घ-निकाय, मज्झिम-निकाय, संयुक्त-निकाय, अंगुत्तर-निकाय और खुद्दक-निकाय | इनमे प्रथम चार निकाय गौतम बुद्ध के उपदेश वार्तालाप के रूप में दिए गये है जबकि पांचवा निकाय अर्थात् खुद्दक निकाय पद्यात्मक है |

खुद्दक-निकाय में अनेक ग्रंथ आते है जैसे खुद्दक पाठ, सुत्तनिपात, धम्मपद, थेरगाथा, उदान, थेरीगाथा, विमानवत्थु, पन्तवत्थु, जातक इत्यादी |

जातकों में महात्मा बुद्ध की पूर्वजन्म की कथाओं का वर्णन है | कुछ निकाय और जातक ग्रंथ बुद्धकाल की राजनैतिक स्थिति भी बताते है |

विनयपिटक

विनय पिटक में बौद्ध संघ सम्बन्धी नियम और दैनिक जीवन सम्बन्धी आचार-विचारों, विधि-निषेधों इत्यादि का संग्रह है |

विनय पिटक के निम्नलिखित भाग है –

पातिमोक्ख (प्रतिमोक्ष)

विनय पिटक के भाग पातिमोक्ख (प्रतिमोक्ष) में अनुशासन-संबंधी विधि-निषेधों और उनके भंग होने पर किये जाने वाले प्रायश्चितों का संकलन है |

पातिमोक्ख (प्रतिमोक्ष) का बौद्ध समाज में अत्यधिक महत्व था और माह में दो बार इसका पाठ किये जाने का विधान था |

सुत्तविभंग

सुत्तविभंग में पातिमोक्ख (प्रतिमोक्ष) के नियमों पर भाष्य प्रस्तुत किये गये है | उसके सरल सूत्रों की व्याख्या करके विवादास्पद विषयों की विवेचना की गयी है |

सुत्तविभंग के दो भाग है – (1) महाविभंग और (2) भिक्खुनी विभंग | महाविभंग में बौद्ध भिक्षुओं और भिक्खुनी विभंग में भिक्षुणियों के लिए विधि-निषेध दिए गये है |

खन्धक

खन्धक के भी दो भाग है – (1) महावग्ग और (2) चुल्लवग्ग | इनमे बौद्ध संघ के जीवन सम्बन्धी विधि-निषेधों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया है |

परिवार

परिवार में विनय पिटक के दूसरे भागों का सारांश प्रश्न-उत्तर के रूप में प्रस्तुत किया गया है |

अभिधम्म पिटक

अभिधम्म पिटक की रचना सबसे बाद में की गयी थी | इसमे संस्कृत भाषा का प्रयोग किया गया था | अभिधम्म पिटक में बौद्ध धर्म के दार्शनिक सिद्धांतों का संग्रह है | अभिधम्म पिटक प्रश्न-उत्तर के रूप में है |

अभिधम्म पिटक के अंतर्गत 7 ग्रंथ सम्मिलित हैं – (1) धम्मसंगणि (2) विभंग (3) धातुकथा (4) युग्गल पंच्चति (5) कथावस्तु (6) यमक (7) पट्ठान | इन सभी 7 ग्रन्थों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण कथावस्तु है, जिसकी रचना तृतीय बौद्ध संगीति के समय मोग्गलिपुत्त तिस्स ने की थी |

ये भी देखें – दर्शनशास्त्र के सभी लेख | इतिहास के सभी लेख | शिक्षाशास्त्र के सभी लेख | अर्थशास्त्र के सभी लेख | समाजशास्त्र के सभी लेख | राजव्यवस्था के सभी लेख | भूगोल के सभी लेख | विज्ञान के सभी लेख | विद्यादूत होम पेज

इन स्पेशल केटेगरी को भी देखें – MODEL PAPERS | UPSSSC SPECIAL | PGT/TGT SPECIAL | UGC NET SPECIAL | RO/ARO SPECIAL | UPSC SPECIAL | UPTET/CTET SPECIAL | UPHESC SPECIAL | PREVIOUS SOLVED PAPERS | PREVIOUS PAPERS | SYLLABUS | ALL ABOUT INDIA | MCQ | JOB ALERT